कुल्लू, 23 अप्रैल।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स ने दूरदराज के क्षेत्रों में नशे की खेती को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस प्रयास में टीम ने अफीम की खेती का पता लगाया और उसे नष्ट कर दिया।
यह घटना तब सामने आई जब एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि आनी क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम के साथ ग्राम पाली, तहसील आनी, जिला कुल्लू में दबिश दी।
एसटीएफ के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जिसमें 2000 अफीम के पौधों की अवैध खेती पाई गई। टीम ने मौके पर ही इन पौधों को नष्ट कर दिया और आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामलों में पुलिस थाना आनी में मुकदमा दर्ज किया गया।
वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान भूमि की निशानदेही के बाद की जाएगी और उन्हें नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा। दोनों मामलों की आगे की जांच थाना आनी के अनुसंधान अधिकारी द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ के अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें नशे से संबंधित कोई भी अवैध गतिविधि दिखे, तो तुरंत एसटीएफ को सूचित करें।



.jpg)


.jpg)

.jpg)

.jpg)
