पटना, 09 अप्रैल 2026।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह 1:20 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वह राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बीते 16 मार्च को नीतीश कुमार को राज्यसभा का सदस्य चुना गया था और 30 मार्च को उन्होंने विधान परिषद् की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया था।
दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें बिहार में नई सरकार में जदयू और निशांत की भूमिका पर चर्चा होगी। इस बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
वहीं, बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि कहीं कोई मतभेद नहीं है और सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार ही चल रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा में पद की शपथ लेंगे और सब कुछ उनके नेतृत्व में ही तय किया जाएगा।
नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे को लेकर जदयू के वरिष्ठ नेता और नीतीश के करीबी विजय चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ही इस्तीफा देंगे। इसके बाद जब नीतीश कुमार बिहार लौटेंगे, तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों की बैठक होगी, जिसमें नई सरकार के गठन को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।




.jpg)
.jpg)






