नई दिल्ली, 16 अप्रैल।
दक्षिण जिले के लोधी कॉलोनी क्षेत्र में नाले की सफाई के दौरान एक गंभीर हादसा सामने आया। दयाल सिंह कॉलेज के पास चल रहे कार्य के समय जेसीबी मशीन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे मशीन चला रहा ऑपरेटर उसके नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को निर्माण स्थल पर नाले की सफाई का कार्य जारी था। इसी दौरान करीब 16 फीट गहरे नाले में जेसीबी के माध्यम से पत्थर डाले जा रहे थे। तभी अचानक नाले का किनारा धंस गया, जिससे मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इस दुर्घटना में ऑपरेटर अभिषेक (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और पीसीआर टीम ने उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले का निवासी था और ठेकेदार के माध्यम से यहां कार्यरत था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सफाई कार्य एक सरकारी परियोजना के अंतर्गत कराया जा रहा था, जिसे एक निजी कंपनी को सौंपा गया था। वहीं जेसीबी मशीन भी दूसरी एजेंसी से किराये पर ली गई थी। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कार्य स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और नाले के किनारे को मजबूती नहीं दी गई थी, जिससे हादसा हुआ।
स्थानीय पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और ठेकेदार सहित अन्य संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








.jpg)

.jpg)


