एक्सक्लूसिव
18 May, 2026

पानी मांगने पर हटाया गया आरक्षक? नीमच से भोपाल तक चर्चाओं में मामला

नीमच के एक आरक्षक द्वारा एफएसएल भोपाल में पीने के पानी और बैठने की सुविधा की मांग उठाने के बाद उन्हें संबंधित कार्य से हटाए जाने का मामला चर्चा में आ गया है।

भोपाल, 18 मई।

पुलिस विभाग में ड्यूटी के दौरान मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाने के बाद एक आरक्षक को संबंधित कार्य से हटाए जाने का मामला चर्चा में आ गया है। नीमच जिले से भोपाल स्थित एफएसएल कार्यालय प्रकरण जमा कराने पहुंचे आरक्षक कृष्ण गोपाल द्वारा पीने के पानी और बैठने की व्यवस्था की मांग किए जाने के बाद यह घटनाक्रम सामने आया, जो अब सोशल मीडिया और पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार थाना नीमच सिटी में पदस्थ आरक्षक कृष्ण गोपाल (आरक्षक क्रमांक 573) 11 मई 2026 को एफएसएल भोपाल पहुंचे थे। भीषण गर्मी और लगभग 44 डिग्री तापमान के बीच उन्होंने दूर-दराज जिलों से आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए बैठने और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर लिखित आवेदन सौंपा था।

आवेदन में कहा गया था कि लंबी दूरी तय कर भोपाल पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों को आवश्यक सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि आवेदन एफएसएल मध्यप्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद निदेशक कार्यालय से पुलिस अधीक्षक नीमच को पत्र भेजा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्र में उल्लेख है कि अन्य जिलों और नीमच से आने वाले किसी अन्य आरक्षक ने ऐसी समस्या नहीं बताई है। साथ ही आगे प्रकरण जमा कराने के लिए किसी अन्य आरक्षक को भेजने के निर्देश दिए गए।

पत्र वायरल होने के बाद इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे मूलभूत सुविधा की मांग उठाने के बाद की गई कार्रवाई मान रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह प्रशासनिक स्तर पर सामान्य बदलाव का हिस्सा भी हो सकता है। हालांकि एफएसएल प्रशासन की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस विभाग से जुड़े लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों और आने-जाने वालों के लिए बैठने व पीने के पानी जैसी सुविधाएं सामान्य व्यवस्था का हिस्सा होती हैं। ऐसे में एक आरक्षक द्वारा यह मांग उठाना व्यवस्था सुधार की अपेक्षा के रूप में देखा जाना चाहिए।

पुलिस व्यवस्था में सबसे निचले स्तर पर कार्यरत आरक्षक ही सबसे अधिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है। लगातार ड्यूटी, लंबी यात्राएं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मियों की बुनियादी जरूरतों को लेकर यह मामला संवेदनशीलता और प्रशासनिक व्यवहार पर कई सवाल खड़े कर रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़