राजगढ़, 16 मई।
राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांकपुरा में शनिवार दोपहर पुराने पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें भाई पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बांकपुरा निवासी 45 वर्षीय जयसिंह पुत्र धूलजी तंवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते उसके भाई उदीलाल, उसकी पत्नी प्रेमबाई, पुत्र जगदीश तथा बहू द्रोपदी ने घर के सामने गाली-गलौंज करते हुए विवाद किया। इसी दौरान विरोध करने पर आरोपितों ने जयसिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी बाईं जांघ में गंभीर चोट आ गई।
घटना के बाद घायल को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच प्रारंभ की। इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत चारों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










