मौसम
13 May, 2026

पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का रुख, कोलकाता में बढ़ी गर्मी, उत्तर बंगाल में भारी बारिश का दौर जारी

पश्चिम बंगाल में मौसम के मिजाज में बदलाव के चलते कोलकाता और दक्षिण बंगाल में गर्मी व उमस बढ़ गई है, वहीं उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

कोलकाता, 14 मई।

पश्चिम बंगाल में वैशाख के अंतिम चरण में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। कुछ दिन पहले तक लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में सुबह और रात के समय मौसम काफी सुहावना बना हुआ था, लेकिन पिछले दो–तीन दिनों से गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। तापमान के साथ महसूस होने वाली गर्मी यानी रियल फील बढ़ गई है और हवा में मौजूद नमी के कारण उमस भी लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह से ही कोलकाता में तेज धूप का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा गया। अलीपुर स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान साफ रहने के कारण फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, वहीं हवा में अधिक नमी के चलते उमस और बेचैनी और बढ़ सकती है। अनुमान है कि शुक्रवार तक शहर का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है।

दक्षिण बंगाल में भी मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने की ओर बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम बनी हुई है और शनिवार तक तापमान में क्रमिक वृद्धि देखी जा सकती है। नमी के अधिक रहने से उमस का असर और तेज होगा तथा पश्चिमी जिलों में गर्मी अधिक महसूस होने की संभावना है। दोपहर के समय कहीं–कहीं शुष्क और गर्म हवाएं भी चल सकती हैं।

उधर उत्तर बंगाल में मौसम पूरी तरह अलग बना हुआ है। बुधवार को कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है और यह सिलसिला शनिवार तक जारी रह सकता है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में तेज बारिश के साथ गरज–चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

गुरुवार को भी उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का असर बना रहेगा। जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और शनिवार के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़