भोपाल, 12 मई।
मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर समाप्त होने के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी ने अपना प्रभाव तेज कर दिया है। सोमवार को रतलाम और झाबुआ सहित कई जिलों में लू का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिला। रतलाम में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए उज्जैन, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में तेज गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। उज्जैन संभाग के रतलाम, नीमच और मंदसौर जिलों में सबसे अधिक गर्मी रहने के आसार हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के 49 जिलों में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिलेगा, जहां तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
सोमवार को इंदौर में इस मौसम का सर्वाधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहा है। अन्य प्रमुख शहरों में उज्जैन में 43 डिग्री, भोपाल में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 40.8 डिग्री और ग्वालियर में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रतलाम के बाद शाजापुर में सर्वाधिक गर्मी रही, जहां पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसके अतिरिक्त धार में 44 डिग्री, खरगोन में 42.6 डिग्री, खंडवा में 42.5 डिग्री, गुना में 41.5 डिग्री तथा रायसेन, सागर, नर्मदापुरम और श्योपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नरसिंहपुर, खजुराहो, छिंदवाड़ा, दमोह, मंडला, बैतूल और नौगांव में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा।
गौरतलब है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से 10 मई तक आंधी और बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा, जिससे मौसम में परिवर्तन देखा गया था। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय प्रभाव और ट्रफ लाइन के कारण मई की शुरुआत में मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन अब गर्मी ने पुनः तीव्र रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए पर्याप्त जल सेवन, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर की तेज धूप से बचाव तथा हल्के सूती वस्त्र पहनने की अपील की है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।









.jpg)


