भोपाल, 09 मई।
मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का बदला हुआ मिजाज लोगों को हैरान कर रहा है। एक ओर तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर कई इलाकों में आंधी और बारिश का सिलसिला बना हुआ है। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम में यह बदलाव प्रदेश के मध्य हिस्से में सक्रिय दो ट्रफ लाइन और ऊपरी वायुमंडल में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
शनिवार को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग रंग दिखाई दिया। कहीं तेज गर्मी रही तो कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, सागर, दमोह, बालाघाट, भोपाल, देवास, खरगोन, राजगढ़, विदिशा, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला, पांढुर्णा, डिंडौरी और अनूपपुर सहित कई जिलों में मौसम का असर देखा गया।
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप भी जारी है। रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाजापुर में पारा 42.6 डिग्री तक पहुंचा। बड़े शहरों में उज्जैन का तापमान 42.4 डिग्री, इंदौर और भोपाल में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 38.8 डिग्री तथा ग्वालियर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।












