भोपाल, 09 मई।
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हजारों कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश में आरक्षक, प्रधान आरक्षक और निरीक्षक स्तर के कर्मचारियों को जल्द अस्थाई पदोन्नति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय स्तर पर इसे लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार 11 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके पुलिस कर्मियों को वरिष्ठता और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर अस्थाई पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए हैं। पात्र कर्मचारियों की जानकारी जुटाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षकों से सूची मांगी गई है।
लंबे समय से नियमित पदोन्नति नहीं मिलने के कारण पुलिस महकमे में असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से भी निर्देश जारी किए गए थे, जिसके बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया को गति मिली है।
विभाग द्वारा पात्र पुलिस कर्मचारियों का परीक्षण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि अस्थाई पदोन्नति मिलने से कर्मचारियों को वेतनमान और पद का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पुलिस बल का मनोबल बढ़ने और कार्यक्षमता में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।



.jpg)








