जोधपुर कमिश्नरेट की पश्चिम जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झालामंड स्थित रामदेव नगर क्षेत्र में एमडी ड्रग निर्माण से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से बड़ी मात्रा में रसायन और मादक पदार्थ बरामद हुए हैं।
पुलिस ने मौके से चार बड़े ड्रमों में भरा करीब 110 लीटर रसायन, 28 ग्राम अफीम दूध तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इसके साथ ही दो एसयूवी वाहन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कुड़ी थाना टीम ने एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान एक संदिग्ध मकान पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान मकान और वाहनों की जांच में भारी मात्रा में रसायन और उपकरण मिले, जो मादक पदार्थ तैयार करने में उपयोग किए जाते थे।
बरामद रसायनों में एसीटोन, टोल्यून, ब्रोमो-2 और हाइड्रोक्लोरिक एसिड जैसे खतरनाक रसायन शामिल हैं, जिनका कुल वजन सौ किलो से अधिक बताया गया है। साथ ही मौके से कई संदिग्ध उपकरण भी मिले हैं, जिनका उपयोग ड्रग निर्माण में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि ये सभी रसायन एमडी ड्रग तैयार करने के उद्देश्य से जोधपुर लाए गए थे। इस पूरे मामले में यह भी जांच की जा रही है कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और रसायन कहां से प्राप्त किए गए थे।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।












