कोलकाता, 12 मई।
दक्षिण बंगाल के कई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की आंधी और बारिश की संभावना बनी रहने के बावजूद मंगलवार से मौसम में गर्मी और उमस बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं उत्तर बंगाल में आने वाले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है, साथ ही कुछ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी भी दी गई है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार शनिवार तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अधिकतर हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी। हालांकि पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में बुधवार और गुरुवार को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना भी है, जिनकी गति लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले 24 घंटों में कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और उमस में और इजाफा देखने को मिलेगा।
उधर उत्तर बंगाल में फिलहाल तापमान में स्थिरता बनी रहने की संभावना है। बुधवार और गुरुवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में सात से ग्यारह सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। साथ ही आठ जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक उत्तर बंगाल के सभी आठ जिलों में आंधी और बारिश का असर बना रहेगा। इसके बाद शुक्रवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने और वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।







.jpg)




.jpg)