मुरादाबाद, 12 मई।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली, जहां आसमान में घने काले बादल छा गए और पूरा शहर कुछ देर के लिए अंधकार में डूब गया। लगभग एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।
सुबह करीब 10 बजे का समय ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो दिन नहीं बल्कि रात के 10 बजे हों, क्योंकि चारों ओर घना अंधेरा छाया हुआ था। इसके बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
बारिश थमने के बाद दोपहर करीब एक बजे आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। इस बारिश के चलते शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फिलहाल हुई बारिश को किसानों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। उनका कहना है कि इससे दलहन, पशु चारा और आगामी फसलों की बुवाई के लिए खेतों में नमी का फायदा मिलेगा और किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और क्षेत्रीय चक्रवातीय परिसंचरण के कारण यह मौसमीय बदलाव देखने को मिला। इसके प्रभाव से घने बादल छाने के बाद तेज बारिश हुई। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और गर्मी में तेजी से बढ़ोतरी होगी।








.jpg)



