उरई, 12 मई।
जालौन जनपद में गौवंशों के संरक्षण, सुरक्षा और बेहतर देखभाल को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने डकोर गौशाला का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौवंशों की स्थिति, भूसा एवं हरे चारे की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, छायादार स्थान और पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधाओं को गहनता से परखा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी के इस समय में गौवंशों की सुरक्षा और समुचित देखभाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पशु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि गौवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त छायादार स्थान और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए। साथ ही गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में संक्रमण और बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए पशु चिकित्सक नियमित रूप से गौशालाओं का भ्रमण कर बीमार पशुओं की जांच और उपचार सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








.jpg)



