उत्तर प्रदेश
22 Apr, 2026

पत्रकार हितों पर मुख्यमंत्री का भरोसा, योजनाओं में शामिल करने का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी पत्रकार संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवास, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में उन्हें शामिल करने के साथ ही विभिन्न मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

वाराणसी, 22 अप्रैल।

वाराणसी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है और उनके लिए आवास, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को आसान बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान पिछले नौ वर्षों में काशी में हुए विकास कार्यों की सराहना की गई और “बदलता बनारस” को देश के विकास मॉडल के रूप में बताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने युवा पत्रकारों के लिए आवास, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और पेंशन संबंधी मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा।

इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि गोरखपुर की तर्ज पर वाराणसी सहित अन्य जिलों में भी पत्रकार आवास योजनाओं को लागू करने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया पर भी काम चल रहा है, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है और पत्रकार, जो समाज को निरंतर जागरूक रखने का कार्य करते हैं, उन्हें भी इन योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पत्रक भी प्राप्त किया और उन पर विचार का आश्वासन दिया।

बातचीत के दौरान स्वर्गीय पत्रकार रमेंद्र सिंह के परिजनों को मुआवजा न मिलने का विषय भी उठाया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया।

इस अवसर पर संघ की ओर से मुख्यमंत्री को वार्षिकी डायरी भेंट की गई, जिसे उन्होंने ध्यानपूर्वक देखा। साथ ही विष्णु राव पराड़कर की स्मृति से जुड़े “पराड़कर स्मृति भवन” के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए जल्द आने की बात कही।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़