लखनऊ, 11 अप्रैल 2026।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को इंदिरानगर में आयोजित डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन में भाग लेते हुए कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा व्यवस्था की अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी हैं और वे संपूर्ण स्वास्थ्य प्रणाली का अभिन्न हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट डॉक्टरों द्वारा लिखे गए पर्चों के अनुसार मरीजों को सुरक्षित एवं सही दवाएं उपलब्ध कराते हैं तथा दवाओं के उपयोग, उनकी खुराक, संभावित दुष्प्रभावों और परस्पर प्रभावों के बारे में मरीजों को विस्तृत परामर्श भी देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फार्मासिस्टों के लिए उनके घर और कार्यालय के द्वार सदैव खुले हैं।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फार्मासिस्टों की भूमिका केवल दवा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सही उपचार की दिशा में मार्गदर्शन देना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी लोगों के दायित्व भले ही अलग-अलग हों, लेकिन सभी का उद्देश्य एक ही है, प्रदेश की जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना।
उन्होंने आगे कहा कि फार्मासिस्ट समाज और व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं तथा उनके साथ मिलकर विभाग को प्रदेश और देश में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्वास्थ्य व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय की स्थिति किसी से छिपी नहीं है, जबकि वर्तमान में काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है और आगे और अधिक कार्य की आवश्यकता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मासिस्ट संगठन द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों पर विचार किया जाएगा और जहां संभव होगा, उनका प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में महानिदेशक स्वास्थ्य को तुरंत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार हर परिस्थिति में फार्मासिस्टों के साथ मजबूती से खड़ी है।
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और पैरामेडिकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










.jpg)