चेन्नई, 13 अप्रैल 2026।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और चुनाव प्रचार अभियान अब अंतिम चरण की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संभावित प्रभाव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज तमिलनाडु भाजपा के पदाधिकारियों के साथ शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करेंगे। राज्य में भाजपा के लगभग 5 लाख बूथ समिति सदस्य हैं, जिन्हें इस चर्चा में शामिल किए जाने की व्यवस्था की गई है।
इस बैठक में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं से ‘नमो’ ऐप के माध्यम से पंजीकरण करने का आग्रह किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय तमिलनाडु दौरे पर भी पहुंचेंगे, जहां 15 अप्रैल को नागरकोविल में वे प्रचार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 18 अप्रैल को कोयंबटूर में जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें कोंगु क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कंदरवकोट्टई में चुनाव प्रचार कार्यक्रम में भाग लेंगे और उसके बाद तंजावूर में बूथ समिति पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचने वाले हैं, हालांकि उनका कार्यक्रम अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वहीं, राज्य में राजनीतिक माहौल के बीच मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पडी पलानीस्वामी भी अपने-अपने गठबंधन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार अभियान को गति दे रहे हैं।




.jpg)
_(1).jpg)
.jpg)





