रायबरेली, 18 मई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी 19 मई को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचेंगे। इस दौरान वे विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल होंगे और लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने जानकारी दी कि राहुल गांधी मंगलवार को सड़क मार्ग से बछरावां विकासखंड के महेरी ठकुराईन खेड़ा पहुंचेंगे, जहां वे सांसद निधि से निर्मित बारात घर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे खीरों में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
दौरे के दौरान राहुल गांधी लालगंज में महिलाओं के साथ संवाद करेंगे और उनके मुद्दों को सुनेंगे। इसके बाद वे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन वे जनप्रतिनिधियों, संगठनों और आम जनता से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही लोधवारी में बीरा पासी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी अमेठी में भी एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और दिवंगत कांग्रेस नेता योगेंद्र मिश्रा के आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद वे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।






.jpg)







