राजगढ़, 22 मई ।
जिले में शासकीय आवास परिसरों से चंदन के पेड़ों की कटाई कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चंदन की लकड़ी, वारदात में प्रयुक्त औजार और मोटरसाइकिल जब्त की है।
कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल के दिनों में शहर के विभिन्न शासकीय आवास परिसरों से चंदन के पेड़ों की चोरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पहली घटना 6 मई को वन मंडलाधिकारी के बंगले में दर्ज हुई, जहां चौकीदार मिश्रीलाल भील ने अज्ञात बदमाशों द्वारा चंदन का पेड़ काटकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 15 मई को जिला न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी के आवास परिसर से चंदन के पेड़ का हिस्सा चोरी होने की शिकायत मिली। वहीं 18 मई को एसडीएम बंगले परिसर में भी चंदन का पेड़ काटे जाने की घटना सामने आई।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच तेज की और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर संदिग्धों पर नजर रखते हुए घेराबंदी की गई। इसी कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में शाकिर अली, मुबारिक और अयान शामिल हैं, जो सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चतरूखेड़ी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में आजाद खां और बाबू अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.15 लाख रुपये आंकी गई है और मामले में आगे की जांच जारी है।






.jpg)







