जगढ़, 30 अप्रैल।
राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर सारंगपुर–संडावता मार्ग पर अलग-अलग दो स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हो गईं। इन दोनों हादसों में अज्ञात वाहनों ने मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे कुल पांच लोग घायल हो गए।
पहली दुर्घटना हराना जोड़ के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में पाटक्या गांव निवासी धुरीलाल नागर, नानूराम नागर और बद्रीलाल नागर घायल हो गए। इनमें नानूराम नागर को सिर में गंभीर चोट लगी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सारंगपुर अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया, जबकि अन्य दोनों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।
दूसरा हादसा भाटखेड़ी जोड़ के पास हुआ, जहां एक अन्य अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में गोपालपुर निवासी विनोद मालवीय और उनकी बहन रामकुंवरबाई घायल हो गए। लीमाचौहान थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे चल रहे केबलीकरण कार्य के कारण गिट्टी और मिट्टी फैली हुई है, जिससे सड़क पर वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।






.jpg)





