राजगढ़, 16 मई।
जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को “कृषि रथ” अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाना और किसानों को लाभकारी योजनाओं से जोड़ना बताया गया है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, मंडल अध्यक्ष सचिन मौर्य, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, एसडीएम निधि भारद्वाज, उपसंचालक कृषि सचिन जैन सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना किया गया।
इस अवसर पर राजस्व, कृषि, आत्मा परियोजना, पशुपालन और उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए इसके सफल संचालन की बात कही।
अभियान के तहत कृषि रथ आगामी दस दिनों तक जिले के अलग-अलग विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेगा। इस दौरान किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कीट एवं रोग प्रबंधन, नरवाई प्रबंधन तथा फसल विविधीकरण जैसी तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कृषि रथ के साथ कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी प्रतिदिन किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
योजना के अनुसार यह रथ प्रतिदिन लगभग चार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर किसानों से सीधे संवाद स्थापित करेगा और उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का प्रयास करेगा।










