गंगटोक, 25 मई ।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार से सिक्किम के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पहुंचेंगी। इस दौरान वह सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के साथ सिक्किम पुलिस के प्रेसिडेंट कलर अलंकरण कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजधानी क्षेत्र में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति राजधानी के निकट लीबिंग स्थित भारतीय सेना के हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगी, जहां से वह लोक भवन के लिए रवाना होंगी। अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 27 मई को वह सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार राष्ट्रपति और विश्वविद्यालय की विजिटर द्रौपदी मुर्मू समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। इस अवसर पर सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। समारोह में वर्ष 2023, 2024 और 2025 के कुल 13,782 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
राष्ट्रपति 28 मई को सिक्किम पुलिस के प्रेसिडेंट कलर अलंकरण समारोह में भी शामिल होंगी। राजधानी के पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। अधिकारियों के मुताबिक सिक्किम देश का 15वां राज्य बनेगा, जिसे प्रेसिडेंट कलर सम्मान प्राप्त होगा।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू के भारत-चीन सीमा क्षेत्र नाथूला के दौरे का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।




.jpg)


.jpg)


.jpg)




