जगदलपुर, 22 अप्रैल
भारत रत्न और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर बुधवार को अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे, जहां मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से दंतेवाड़ा के छिंदनार के लिए रवाना हो गए, जहां उनका आदिवासी बच्चों और खेल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है, साथ ही उनके साथ क्रिकेट खेलने की संभावना भी जताई गई है।
दंतेवाड़ा के जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के लिए स्कूली बच्चों को बसों के माध्यम से छिंदनार लाया गया है। यह आयोजन मांदेशी फाउंडेशन और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल के तहत किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं।
सचिन तेंदुलकर प्राइवेट जेट से एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा में उनके फाउंडेशन और मांदेशी चैम्पियन संस्था के सहयोग से 50 स्कूलों के खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिससे करीब 5 हजार बच्चों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बच्चों के साथ मैदान में उतरकर खेल खेलने की इच्छा भी जताई।
उन्होंने बच्चों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। दंतेवाड़ा में उनके कुल तीन कार्यक्रम तय थे, हालांकि गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों और बच्चों से मुलाकात तथा पनेड़ा क्रिकेट ग्राउंड के उद्घाटन का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है। उनके साथ मुख्यमंत्री का भी आगमन प्रस्तावित था, जो किसी कारण से रद्द हो गया।
छिंदनार में सचिन तेंदुलकर सीधे बच्चों से संवाद करेंगे और उनकी खेल प्रतिभा का अवलोकन कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे। यहां छात्र-छात्राएं खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन करेंगे। विशेष बात यह है कि सचिन औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि मैदान में बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेल सकते हैं।
इस अवसर पर एयरपोर्ट पर बस्तर संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।






.jpg)




