रायपुर, 13 मई।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया है। राज्य गठन के पश्चात यह पहला अवसर है जब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में इस पद पर नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि यह नियुक्ति केवल रिक्त पदों की पूर्ति नहीं है, बल्कि राज्य के सुनियोजित, वैज्ञानिक और दूरदर्शी शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित विकास, आधुनिक नगर निर्माण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की भूमिका अत्यंत अहम है। इन नई नियुक्तियों से विभाग को युवा, प्रशिक्षित एवं ऊर्जावान अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा, जिससे प्रदेश के नगरों और कस्बों के विकास को नई गति मिलेगी।
चौधरी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराने तथा शासन-प्रशासन में योग्य प्रतिभाओं को स्थान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह चयन प्रक्रिया उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार 12 मई 2026 को संपन्न हुआ। लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है।
वित्त मंत्री ने चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अधिकारी अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे।










.jpg)


.jpg)

