भोपाल, 12 मई।
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. ई. रमेश कुमार ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन तथा विभागीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर के नेतृत्व में इस योजना के तहत चार हजार युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड तथा अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण समय पर मिल सके।
प्रमुख सचिव ने छात्रवृत्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लंबित छात्रवृत्तियों का भुगतान दो दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2025-26 में चयनित 36 विद्यार्थियों की राशि शीघ्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी 15 जून तक पोर्टल में आवश्यक बदलाव कर वर्षभर आवेदन की व्यवस्था लागू की जाए।
उन्होंने 31 चयनित कन्या छात्रावासों को आदर्श छात्रावास के रूप में विकसित करने के सभी निर्माण कार्य 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों में मेस संचालन हेतु रसोई निर्माण कार्य 31 मई तक पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई। रिक्त सीटों को शीघ्र भरने पर भी विशेष बल दिया गया।
इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में संशोधित दिल्ली छात्रगृह योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही, ताकि दिल्ली के उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत प्रदेश के अधिक से अधिक ओबीसी विद्यार्थियों को प्रतिमाह दस हजार रुपये की सहायता का लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक में विभागीय आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











.jpg)
