भोपाल, 14 मई।
प्रदेश में महंगाई का दबाव एक बार फिर उपभोक्ताओं पर बढ़ गया है, अमूल और मदर डेयरी के बाद अब प्रदेश के प्रमुख दुग्ध ब्रांड सांची ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी ने दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है, जो 15 मई से पूरे प्रदेश में लागू होगी।
सांची ने लगभग एक वर्ष बाद अपने दामों में बदलाव किया है। इससे पहले 7 मई 2025 को भी कीमतों में संशोधन किया गया था। राजधानी भोपाल के पैक्ड दूध बाजार में सांची की हिस्सेदारी सबसे अधिक मानी जाती है, जहां प्रतिदिन इसकी बिक्री 7.5 लाख लीटर से अधिक है। वहीं अमूल की बिक्री लगभग 90 हजार लीटर, सौरभ और श्रीधी की एक लाख लीटर से अधिक बताई जाती है। खुले दूध का कारोबार करीब 10 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंचता है, जो पैक्ड दूध से अधिक है और इसकी कीमत भी लगभग 10 रुपये प्रति लीटर कम रहती है। अमूल और मदर डेयरी ने अपनी नई दरें बुधवार को ही लागू कर दी थीं।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन का कहना है कि पशु आहार की लागत में तेज वृद्धि इसके पीछे मुख्य कारण है। चारा और अन्य पशु आहार महंगे होने के साथ-साथ ईंधन, परिवहन और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इसके अलावा दूध के संग्रहण और प्रसंस्करण की लागत में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमूल की ओर से बताया गया है कि यह बढ़ोतरी लगभग 2.5 प्रतिशत से 3.5 प्रतिशत के बीच है, जो खाद्य मुद्रास्फीति की तुलना में कम है।
नई दरों के अनुसार शुक्रवार से सांची या अन्य किराना दुकानों पर आधा लीटर दूध के पैकेट पर 1 रुपये और एक लीटर पैकेट पर 2 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। हाल ही में खुले दूध के दामों में भी 2 रुपये तक की वृद्धि हुई है, जिससे आम उपभोक्ता के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।












