भोपाल, 6 मई।
मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित किसान चक्काजाम आंदोलन को जनविरोधी और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आंदोलनों से आम जनजीवन प्रभावित होता है और एंबुलेंस एवं अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
उन्होंने बुधवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों के नाम पर केवल राजनीति कर रही है और उसे इस विषय पर आंदोलन करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उनके अनुसार कांग्रेस और उसके नेता जीतू पटवारी को पहले किसानों से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि पूर्व में कांग्रेस सरकारों ने किसानों के साथ छल किया और झूठे वादे किए।
हेमंत खण्डेलवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कर्जमाफी के वादों के कारण किसानों को डिफाल्टर की स्थिति में पहुंचाया गया, जबकि भाजपा सरकार ने लगभग 2800 करोड़ रुपये का ब्याज जमा कर किसानों को इस श्रेणी से बाहर निकाला।
उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों से एक-एक दाना गेहूं खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में गेहूं की खरीद 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जिसमें समर्थन मूल्य के साथ बोनस शामिल है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गेहूं के समर्थन मूल्य में पिछले वर्षों में लगभग 1600 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में यह वृद्धि काफी कम रही।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश में गेहूं उत्पादन 60 लाख टन से बढ़कर लगभग 200 लाख टन तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश आज दलहन उत्पादन में देश में प्रथम और खाद्यान्न एवं तिलहन उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।
खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस किसानों को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि उसे अपने कार्यकाल में किसानों के लिए किए गए कार्यों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उत्पादन लागत घटाने और उन्हें उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि उपार्जन प्रक्रिया में शुरुआती देरी बारदानों की कमी के कारण हुई थी, जिसे अब दूर कर दिया गया है और खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।



.jpg)





.jpg)



