प्रयागराज, 11 अप्रैल 2026।
प्रयागराज जनपद के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि एक कुत्ते के दौड़ाने के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ और युवक की जान चली गई।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में प्रयागराज के कैंट थाना क्षेत्र स्थित उचवागढ़ी राजापुर निवासी आकाश जैसवार की मौत हुई है, जिनकी उम्र छब्बीस वर्ष थी। परिवार की तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आकाश लाइट हाउस और कैटरिंग का ठेकेदारी का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे वे कर्नलगंज क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे, तभी “मां की रसोई” के सामने एक कुत्ते ने उन्हें दौड़ा लिया, जिससे उनकी स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
आकाश के पिता प्रकाश चंद्र पिछले तीन वर्षों से पैरालाइज से पीड़ित हैं, जबकि मां निशा देवी और छोटा भाई विकास जैसवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।










.jpg)