भोपाल, 16 अप्रैल
शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय युवती के साथ अशोभनीय हरकत, छेड़छाड़ और मारपीट की घटना दर्ज की गई है, वहीं इस मामले के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़िता, जो किराना दुकान का संचालन करती है, ने आरोप लगाया है कि उसके पड़ोस में रहने वाले परवेज और उनके पुत्र आसिफ, अरबाज तथा शादाब लंबे समय से महिलाओं के सामने आपत्तिजनक हरकतें करते आ रहे थे। कई बार समझाने के बावजूद उनकी आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ।
बताया गया कि बुधवार दोपहर जब युवती रास्ते से गुजर रही थी, उसी समय परवेज ने फिर से उसके सामने अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ ही देर में उसके पुत्र भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया, आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और जान से मारने की धमकी दी। धक्का-मुक्की के दौरान युवती के कंधे और पैर में चोट भी आई।
घटना के बाद पीड़िता ने शाहजहानाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि प्रारंभिक जानकारी में आरोपियों को नोटिस देकर छोड़े जाने की बात सामने आई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं बाद में सख्त कार्रवाई की बात भी कही जा रही है, लेकिन गिरफ्तारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।







.jpg)

.jpg)



