सरकार व नीतियाँ
14 May, 2026

शिवराज सिंह चौहान देंगे 5 लाख पीएमएवाई-जी घरों का गृह प्रवेश, महाराष्ट्र को मिलेगी बड़ी सौगात

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 15 मई को महाराष्ट्र के सतारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पांच लाख पूर्ण आवासों के गृह प्रवेश का शुभारंभ करेंगे, साथ ही राज्य को हजारों करोड़ की नई परियोजनाओं और ग्रामीण सड़क योजनाओं की सौगात भी दी जाएगी।

सातारा, 14 मई।

केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को महाराष्ट्र के सतारा में आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत तैयार पांच लाख आवासों के गृह प्रवेश की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन सैनीक स्कूल मैदान में लाभार्थी सम्मेलन और राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के रूप में होगा।

इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा अजित पवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री छह पीएमएवाई-जी लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां सौंपेंगे, जिनमें ग्रामीण आवास योजना के तीन करोड़वें घर से जुड़े लाभार्थी भी शामिल होंगे, जिसे सरकार ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

इसके साथ ही महाराष्ट्र के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 8,368.50 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता से संबंधित स्वीकृति पत्र भी जारी किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत 122.98 करोड़ रुपये की लागत से 35 सड़क परियोजनाओं की मंजूरी भी दी जाएगी, जिससे राज्य की 35 ग्रामीण बस्तियों को लाभ मिलेगा।

सरकारी जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को बुनियादी सुविधाओं सहित पक्के घर उपलब्ध कराना है। देशभर में इस योजना के तहत तय 4.15 करोड़ घरों के लक्ष्य में से अब तक 3.03 करोड़ से अधिक घर पूरे किए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र में भी 43.80 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 41.42 लाख घर स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 17.92 लाख घर पूरे हो चुके हैं। सतारा जिले में स्वीकृत 54,759 घरों में से 24,848 घरों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

सरकार ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत लगभग 96 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में हर मौसम में आवागमन सुगम होगा और स्वास्थ्य, शिक्षा, बाजार तथा अन्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी। इसके तहत महाराष्ट्र में पहले ही 34 हजार किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों और 1000 से अधिक पुलों को मंजूरी दी जा चुकी है, जिस पर 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़