शिवपुरी, 14 अप्रैल
शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित सिंकदरा चेक पोस्ट एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। अवैध वसूली और मारपीट के पुराने आरोपों के बीच यहां ताजा घटना ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया, जिसमें बस चालक के साथ मारपीट के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब पांच घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस जानकारी के अनुसार सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि राजस्थान से यात्रियों को लेकर नेपाल सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जा रही एक बस जब सिंकदरा चेक पोस्ट पर पहुंची, तभी वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों और कथित निजी लोगों ने चालक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चालक की आंख के नीचे चोट आई है।
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों और अन्य ट्रक चालकों ने विरोध जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात लगभग पांच घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम समाप्त कराया।
मंगलवार सुबह बस चालक ने दिनारा थाने में मेडिकल परीक्षण के बाद लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार सिंकदरा चेक पोस्ट पर लंबे समय से अवैध वसूली और दबंगई की शिकायतें सामने आती रही हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









.jpg)
.jpg)

