देहरादून, 11 जून।
उत्तराखंड पुलिस के ऑपरेशन प्रहार ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देहरादून की पुलिस ने बिहार में लूट और हत्या के एक चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद नसीम अख्तर को दबोच लिया है।
आरोपी बिहार के सीतामढ़ी का मूल निवासी है। वह ऋषिकेश में फायरिंग के मामले में पकड़े गए अपने भाई वसीम की मदद करने के लिए यहां आया हुआ था। बिहार पुलिस ने इस बाबत देहरादून पुलिस को पहले ही सूचना दे दी थी।
एसएसपी के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने जाल बिछाया। मुखबिर की सटीक जानकारी और सर्विलांस की मदद से टीम ने नटराज फ्लाईओवर के निकट से उसे धर दबोचा।
तलाशी लेने पर बदमाश के पास से 12 बोर का अवैध देसी तमंचा और दो कारतूस मिले हैं। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर बिहार में लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बिहार पुलिस से बचने के लिए वह छिपकर ऋषिकेश आया था। वह पुलिस की हलचल भांपते ही ट्रेन से भागने की फिराक में था। पुलिस ने अब उसके खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है और बिहार पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी भेज दी है।










