नई दिल्ली, 11 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अस्थिरता के इस दौर में भी भारत आत्मविश्वास के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति भवन में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्यों की सामूहिक जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। सहयोग और संवाद के जरिए ही देश इस सपने को साकार कर सकता है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नीति आयोग राज्यों के बीच विचारों के आदान-प्रदान और सामूहिक कार्य के लिए एक सशक्त मंच की भूमिका निभा सकता है। पीएम ने युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर पैदा करने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि सशक्त युवा ही भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कई देशों के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से निर्यात और विकास के नए रास्ते खुले हैं। यह एमएसएमई सेक्टर के लिए वैश्विक मानकों को अपनाकर प्रतिस्पर्धी बनने का बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व विकास इस विजन का मुख्य आधार है। खेती से लेकर विज्ञान तक नारी शक्ति का योगदान निरंतर बढ़ रहा है।
बैठक में उद्यमिता को बढ़ावा देने और रोजगार के टिकाऊ अवसर बनाने पर मंथन हुआ। इस वर्ष की थीम समावेशी मानव विकास है, जिसका उद्देश्य हर भारतीय का कल्याण सुनिश्चित करना है। बैठक में मुख्यमंत्री और उपराज्यपालों ने मानव पूंजी, रोजगार, स्वास्थ्य और समानता जैसे चार मुख्य स्तंभों पर चर्चा की।










