नालंदा, 12 जून।
नालंदा जिले के सुरजपुर गांव में एक ही रात पांच घरों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 15,600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
मामला 5 और 6 जून की मध्यरात्रि का है, जब सुरजपुर गांव में अज्ञात चोरों ने पांच घरों में सेंधमारी कर नकदी, जेवरात, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद नालंदा थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजगीर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने तीन आरोपितों को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि सुरजपुर निवासी रित्विक प्रखर उर्फ अप्पा ने गांव में घरों की रेकी कर चोरी के लिए निशाना तय किया था। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों अभिषेक कुमार और श्याम उपाध्याय को राजगीर से बुलाकर वारदात को अंजाम दिलवाया।
पुलिस के अनुसार एक अन्य आरोपी सकलदीप कुमार ने चोरी के बाद आरोपितों को मोटरसाइकिल से नवादा पहुंचाने में मदद की, जबकि श्याम उपाध्याय फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने सुरजपुर समेत अन्य स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस इन मामलों की आगे जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में राजगीर निवासी अभिषेक कुमार, बेगमपुर नाथाचक निवासी सकलदीप कुमार और जुआफर निवासी रित्विक प्रखर उर्फ अप्पा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और गिरोह के अन्य मामलों की भी जांच जारी है।













