सागर, 12 जून।
सागर में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामांतरण के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जैसीनगर तहसील क्षेत्र के बम्होरी घाट हल्का क्रमांक-34 में पदस्थ पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर पर आरोप था कि वह नामांतरण (दाखिल-खारिज) की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। इस संबंध में तिली वार्ड निवासी एक व्यक्ति ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि उनकी पुत्रवधू द्वारा ग्राम कंकर कुइया में कृषि भूमि खरीदी गई थी, जिसके नामांतरण के लिए आवेदन दिया गया था। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के बदले पटवारी लगातार 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही तिली तिराहा स्थित गणेशपुरम रोड क्षेत्र में आरोपी ने राशि स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया।
जांच के दौरान रिश्वत की रकम बरामद की गई और हाथ धुलवाने पर रासायनिक परीक्षण भी सकारात्मक पाया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच जारी है और आरोपी के अन्य मामलों तथा संपत्ति की भी जांच की जा रही है।













