जयपुर, 12 जून।
राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी बृजेश कुमार मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लीक हुए सॉल्वड पेपर के आधार पर परीक्षा पास करने का आरोप है।
जांच के अनुसार आरोपी दौसा जिले के महुआ क्षेत्र का निवासी है। बताया गया कि उसने परीक्षा से पहले लीक पेपर पढ़कर लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की थी, लेकिन शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में असफल होने के कारण उसका चयन नहीं हो सका।
एसओजी अधिकारियों के अनुसार जांच में यह सामने आया कि आरोपी के पिता ने पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा से करीब 45 लाख रुपये में सौदा किया था, जिसके बाद परीक्षा से पहले अभ्यर्थी को सॉल्वड पेपर उपलब्ध कराया गया।
परीक्षा परिणाम में बृजेश ने हिंदी में 116.23 और सामान्य ज्ञान में 126.01 अंक प्राप्त किए थे। हालांकि फिजिकल टेस्ट में असफलता के चलते वह अंतिम चयन सूची में शामिल नहीं हो सका।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी गड़बड़ी में शामिल रहा है। वर्ष 2022 की हाईकोर्ट एलडीसी परीक्षा में उसने डमी अभ्यर्थी के जरिए चयन प्राप्त किया था, जबकि एमटीएस परीक्षा में वह स्वयं किसी अन्य की जगह डमी कैंडिडेट बनकर शामिल हुआ था।
एसओजी ने बताया कि इस मामले में पहले ही गिरोह के सरगना और आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब तक कुल 145 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।













