फतेहपुर, 12 जून।
फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार इस्कूरी गांव स्थित प्रधान ढाबा के आगे ओवरब्रिज लिंक रोड पर शुक्रवार को एक महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव की पहचान के प्रयास तेज कर दिए।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है। उसका रंग गेहुआं से सांवला, कद मध्यम बताया गया है। शव पर मरून रंग का सफेद कढ़ाई वाला कुर्ता पाया गया है, जबकि हाथों में हरे रंग की कांच की चूड़ियां और कानों में पीली धातु के टॉप्स मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे संदिग्ध मौत और हत्या की आशंका के रूप में देखा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। महिला की पहचान न होने के कारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास जानकारी हो तो तुरंत कोतवाली खागा या सीओ कार्यालय को सूचित करें।













