वाराणसी, 12 जून।
वाराणसी पुलिस ने टीजीटी परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर धांधली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, चेतगंज थाना क्षेत्र की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर चौकाघाट लकड़ी मंडी इलाके से दोनों आरोपितों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के मधेपुरा जिले के ग्वालापार निवासी दौलत कुमार और सुपौल जिले के रतनपुरा निवासी नितीश कुमार के रूप में हुई है। इनमें दौलत कुमार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जांच में सामने आया कि यह संगठित गिरोह प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलता था और उनकी जगह फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर परीक्षा दिलवाता था। इसके लिए आधार कार्ड, एडमिट कार्ड और अन्य पहचान पत्रों में फर्जीवाड़ा कर पूरे नेटवर्क को संचालित किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड, बैंक चेक और कई अभ्यर्थियों के फोटो सहित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा चुकी है और आगे की जांच जारी है।













