फर्रुखाबाद, 12 जून।
फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र में एक गैस एजेंसी संचालक को झांसा देकर बुलाने, बंधक बनाकर मारपीट करने और लूटपाट व फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभय गोस्वामी, निवासी कसरट्टा चूड़ी वाली गली, बलराम गैस एजेंसी के संचालक हैं। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया है कि पुराने विवाद के चलते उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया।
आरोप है कि 8 जून को एक युवती ने उन्हें बातचीत के बहाने पहले बेवर और फिर भोगांव बुलाया, जहां दो युवतियां उनकी कार में बैठ गईं। कुछ दूरी पर पहुंचते ही कई वाहनों से आए लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने तमंचे के बल पर उन्हें और उनके साथी विपिन को बंधक बना लिया, आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए और मक्के के खेत में ले जाकर बेल्ट, लोहे के औजार और तमंचे की बट से मारपीट की।
आरोप है कि पीड़ित को निर्वस्त्र कर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। साथ ही 20 लाख रुपये की मांग कर बाद में 10 लाख रुपये में सौदा तय करने का दबाव बनाया गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उनके बैंक खाते से पैसे निकाले गए और सोने की अंगूठी, चेन व घड़ी भी छीन ली गई। बाद में उनके साथी विपिन किसी तरह भागकर पुलिस तक पहुंचा।
घटना के बाद मामला विभिन्न थानों में घूमता रहा और बाद में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













