रायपुर, 13 जून।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता का विश्वास जीतने का शतक बना रहे हैं, जबकि राहुल गांधी हार का शतक लगाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लंबे समय से देश के भीतर अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरिराज सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक लगातार जनसमर्थन प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 22 राज्यों में भाजपा या उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत संरक्षण दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सरकार सफल रही है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की जनता ने जनसेवा के संकल्प के साथ काम करने वाली सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल नारों से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि ठोस नीतियों और योजनाओं की आवश्यकता होती है।
राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनावी परिणामों को लेकर विपक्ष का रवैया अवसरवादी रहा है। उन्होंने कहा कि जीत मिलने पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन हार मिलने पर आरोप लगाए जाने लगते हैं।
नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने छत्तीसगढ़ में इस चुनौती को काफी हद तक नियंत्रित किया है। उन्होंने इसे सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल बताया।
केंद्रीय मंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य किए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान गिरिराज सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि देश में हुए विकास कार्यों को देखने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।














