मीरजापुर, 15 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा और सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चुनार के नरायनपुर ब्लॉक मुख्यालय सभागार में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलामंत्री डॉ. विजय कुमार सिंह, नरायनपुर मंडल अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य, महिला कल्याण, कृषि और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता और लाभों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनका अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में बाल विकास विभाग की ओर से मुख्य सेविका संतोषी देवी के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषण जागरूकता स्टॉल लगाया। स्टॉल पर बाजरा, सहजन पत्ती, भिंडी, केला, चौराई और चना समेत कई पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूर्णिमा देवी ने उपस्थित महिलाओं को स्वस्थ मातृत्व और बेहतर पोषण के लिए इन खाद्य पदार्थों के नियमित उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दैनिक आहार में पौष्टिक तत्वों को शामिल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं और प्रदर्शित सामग्री की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर चुनार मंडल अध्यक्ष मंगरु साहनी, सर्वेश पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदलाल केशरी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, कृषि, कृषि रक्षा, सहकारिता, समाज कल्याण एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















