काठमांडू, 16 जून।
नेपाल में चीन के सहयोग से संचालित हो रही विकास परियोजनाओं में अब जल्द ही बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है। अपनी चार दिवसीय यात्रा पर बीजिंग पहुंचे नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने वहां अपने समकक्ष वांग यी के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता की है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में चीन ने नेपाल की पहले से तय योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का ठोस आश्वासन दिया है। चर्चा के दौरान आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों को विशेष रूप से शामिल किया गया।
दोनों राष्ट्रों ने सीमा प्रबंधन, कृषि, तकनीक हस्तांतरण और पर्यटन जैसे विविध विषयों पर भी विस्तृत मंथन किया। इस दौरान चीन ने स्पष्ट किया कि वह नेपाल की आर्थिक विकास की प्राथमिकताओं में अपना पूरा सहयोग जारी रखेगा।
नेपाल ने भरोसा दिलाया कि उसकी जमीन का इस्तेमाल कभी भी किसी चीन विरोधी गतिविधि में नहीं होगा। इसके जवाब में चीन ने नेपाल की संप्रभुता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।
वार्ता के बाद चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने खनाल के सम्मान में रात्रिभोज भी दिया। इस दौरान प्राकृतिक गैस, रासायनिक उर्वरक और जन-स्तर के संबंधों को बेहतर बनाने पर भी सहमति बनी है।













