मयूरभंज, 20 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनके पैतृक गांव पहाड़पुर का दौरा किया। यह दौरा राष्ट्रपति के 68वें जन्मदिन के अवसर पर विशेष रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान पीएम ने स्थानीय आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से रूबरू होने के लिए संथाल जाहेरा, गोशानी पीठ और हो जाहेरा में पूजा-अर्चना की।
पीएम मोदी ने पहाड़पुर में आदिवासी समाज की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प से सजी प्रदर्शनी को देखा और स्थानीय निवासियों के साथ संवाद किया। इस दौरान ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कम्भमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री ने कौशल विकास केंद्र और एसएलएस मेमोरियल रेजिडेंशियल स्कूल का भी निरीक्षण किया। छात्रों से बातचीत कर उन्होंने उन्हें शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह उनके आदिवासी समुदायों के प्रति जुड़ाव और उनके सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस दौरे का समापन रायरंगपुर के दांदबोस में एक विशाल जनसभा के साथ हुआ। यहां ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।
इन परियोजनाओं का कुल मूल्य 47,600 करोड़ रुपये से अधिक है, जो राज्य के प्रमुख क्षेत्रों में बदलाव लाने में सहायक होंगे। यह सौगात राज्य के सर्वांगीण विकास और जन-कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम है।


















