राजगढ़, 20 जून।
जिले के ब्यावरा शहर स्थित चंपालाल का बगीचा क्षेत्र में रहने वाली एक शासकीय शिक्षिका की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात में सामान्य दिनचर्या के बाद सोई शिक्षिका सुबह बिस्तर से नहीं उठीं, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय शारदा सोलंकी शहर के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वह अपने परिवार के साथ चंपालाल का बगीचा क्षेत्र में रहती थीं। परिजनों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से ब्लड प्रेशर की समस्या थी और वह नियमित रूप से दवाएं लेती थीं।
शुक्रवार रात उन्होंने भोजन करने के बाद रोजाना की तरह दवा ली और सोने चली गईं। शनिवार सुबह करीब आठ बजे उनके पति ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य घबरा गए और उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर मौत की वजह स्वास्थ्य संबंधी समस्या मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।


















