अपराध
20 Jun, 2026

अयोध्या कैंट एक्सप्रेस पथराव मामले में दो सप्ताह बाद एफआईआर

मुरादाबाद में अयोध्या कैंट एक्सप्रेस पर हुए पथराव की घटना के करीब दो सप्ताह बाद जीआरपी ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुरादाबाद, 20 जून।

अयोध्या कैंट एक्सप्रेस पर हुए पथराव के मामले में घटना के करीब दो सप्ताह बाद जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 6 जून की रात का है, जब ट्रेन के एक कोच पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके थे। घटना में एक यात्री घायल हो गया था।

रेल पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मुकदमा जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल की ओर से दर्ज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घायल यात्री की ओर से शिकायत नहीं दिए जाने के कारण विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया।

जानकारी के मुताबिक 6 जून की रात अयोध्या कैंट एक्सप्रेस मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में खड़ी थी। इसी दौरान कांशीराम कॉलोनी के सामने ट्रेन के जनरल कोच पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर ट्रेन में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी संबंधित कोच में पहुंचे और यात्रियों से जानकारी ली। जांच के दौरान कोच का शीशा टूटा हुआ मिला। इस घटना में अयोध्या जिले के निवासी मोनू घायल हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक घायल यात्री से तहरीर मांगी गई थी, लेकिन उसने बाद में शिकायत देने की बात कही थी। उपचार के बाद उसने तहरीर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने स्वयं संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

रेलवे पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़