अपराध
20 Jun, 2026

ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का केस दर्ज

जोधपुर के मथानिया क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पीहर पक्ष की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

जोधपुर, 20 जून।

शहर के निकट मथानिया क्षेत्र के भैसेर चावंडियाली गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला की ससुराल में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 26 वर्षीय वसुंधरा के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले रमेश जाट से हुई थी। विवाह के बाद दंपती की एक संतान भी है। पीहर पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों के मुताबिक 13 जून को वसुंधरा की तबीयत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा था। आशंका जताई जा रही है कि उसने कोई विषाक्त पदार्थ सेवन किया था। उपचार के दौरान 19 जून को उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता नरपतराम जाट की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी बेटी को जहर देकर मार दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि महिला ने स्वयं विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था या उसे दिया गया था।

मामले की जांच एसीपी मंडोर अनिल शर्मा के निर्देशन में की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु अथवा नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। पैतृक सम्पत्ति से लाभ। शुभांक-7-8-9

आज का मौसम

भोपाल

27° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़