वाराणसी, 20 जून।
उत्तर प्रदेश में आयोजित टीजीटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चेतगंज पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को सर्विलांस की मदद से चौकाघाट क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार यह मामला लहुराबीर स्थित पीएमश्री क्वींस इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा से जुड़ा है। विद्यालय प्रशासन की शिकायत पर परीक्षा में मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर दूसरे व्यक्तियों को बैठाकर परीक्षा दिलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने बलिया जिले के रहने वाले धीरेन्द्र कुमार और गिरिजा शंकर को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि इससे पहले इसी मामले में अमृतराज, छोटू कुमार, नितीश कुमार और दौलत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से संपर्क करते थे। इसके बदले में मोटी रकम ली जाती थी और फिर परीक्षा धांधली से जुड़ा पूरा नेटवर्क सक्रिय हो जाता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों से धन लेकर उनके स्थान पर दूसरे लोगों को परीक्षा में बैठाने की व्यवस्था करते थे। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच को विस्तार दिया गया है।


















