धनबाद, 20 जून।
बरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में शनिवार को एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। शताब्दी परियोजना से चिटाही जाने वाली सड़क के करीब जंगल में शव पड़ा होने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना कर दिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्राथमिक जांच में पुलिस को हत्या की आशंका है, क्योंकि मृतक के चेहरे पर गहरे घाव के निशान हैं, जो संभवतः पत्थर से वार कर दिए गए हैं।
पुलिस का मानना है कि अपराधी ने पहचान छुपाने के इरादे से चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया है और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को सुनसान जंगल में ठिकाने लगा दिया। बरौरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
आसपास के इलाकों में मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस वक्त पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से काम कर रही है ताकि कातिलों तक पहुंचा जा सके।


















