जयपुर, 20 जून।
झोटवाड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े नकबजनी गिरोह का खुलासा करते हुए कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी सतपाल फौजी और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर झोटवाड़ा क्षेत्र के एक सूने फ्लैट से लाखों रुपये नकद और आभूषण चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा निवासी सतपाल सिंह उर्फ फौजी और पवन कुमार तंवर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों ने एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर करीब 38.66 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सतपाल फौजी एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, फायरिंग, लूट, मारपीट तथा नकबजनी जैसे मामलों सहित 72 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। पूछताछ में उसने विभिन्न राज्यों में कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक सतपाल अपनी पहचान छिपाने के लिए विशेष प्रकार का आर्टिफिशियल मुखौटा बनवाने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने अग्रिम राशि भी दे रखी थी। पुलिस का मानना है कि वह भविष्य में हुलिया बदलकर अपराध करने और पहचान से बचने की योजना बना रहा था।
पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह पहले सूने मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। इसके बाद वारदात के समय अपनी गाड़ी दूर खड़ी कर हुलिया बदलकर चोरी को अंजाम देता था। इससे उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो जाता था।
मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस ने करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंची। फिलहाल दोनों से अन्य राज्यों में की गई वारदातों और चोरी के बाकी माल के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















