राजगढ़, 20 जून।
जिले के ब्यावरा शहर थाना क्षेत्र में एक युवती ने शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय युवती इंदौर स्थित एक चॉकलेट फैक्ट्री में कार्यरत है। करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र के बरखेड़ी निवासी सुमित गुर्जर से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद संपर्क बढ़ा था।
पीड़िता का आरोप है कि 14 जनवरी को सुमित ने उससे शादी का झांसा देकर उसे ब्यावरा बुलाया। वहां वह उसे एक लॉज में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। युवती का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपित लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा।
शिकायत में युवती ने बताया कि अब आरोपित ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़िता की शिकायत पर ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने सुमित पुत्र हरीओम गुर्जर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित फरार है और उसकी तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।


















