लखनऊ, 20 जून।
राजधानी के महिगवां क्षेत्र में भूमि विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक बेटे पर अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार अतरौरा गांव निवासी रामकुमार यादव और उनके पुत्र महेंद्र यादव के बीच काफी समय से जमीन के बंटवारे को लेकर मतभेद चल रहा था। शुक्रवार रात रामकुमार खेत में खड़ी करवी को ट्रैक्टर से जुतवा रहे थे, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आए महेंद्र यादव ने फावड़ा उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया। हमले में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजन घायल रामकुमार को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी रामकुमार गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


















